चार साल पहले गिरा पीपल का पेड़ अचानक हुआ खड़ा, ग्रामीणों ने शुरू कर दी पूजा
- bharat 24
- Jan 28, 2021
- 1 min read
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां छावनी क्षेत्र के गुंडाकुंवर गांव में चार साल पहले आई आंधी में गिरा पीपल का पेड़ बृहस्पतिवार को खड़ा हो गया तो लोग चमत्कार मानकर पूजा करने लगे।
वहीं जानकार इसे कोई चमत्कार नहीं मानते।
उनका कहना है कि पेड़ गिरने के बाद जब लोगों ने डालियां काट लीं तो वजन कम होने से पेड़ जड़ की तरफ से गड्ढे में जाकर उठ गया।
हालांकि बृहस्पतिवार को पूरे दिन इस वाकये की चर्चा होती रही। क्षेत्र के लोगों को जानकारी हुई तो वे गुंडाकुंवर गांव पहुंचने लगे। देखते-देखते पूरे गांव में भीड़ नजर आने लगी। बताया गया कि गांव के दक्षिण टीपी सिंह के बाग में स्थित यह पेड़ चार साल पहले गिरकर सूख गया था। पेड़ की टहनियां नष्ट हो चुकी हैं।
यह कोई चमत्कार नहीं : डॉ. धर्मेंद्र
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक व किसान डिग्री कॉलेज के भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि द्रव्यमान केंद्र की दूसरी तरफ, यानी जड़ की ओर खिसकने और भार अधिक होने के कारण सूखा पेड़ पुन: खड़ा हो गया है। इसके पीछे कोई चमत्कार नहीं है।
Yorumlar