top of page

राष्ट्रपति को दिया फर्जी हस्ताक्षर वाला ज्ञापन, राहुल गांधी पर हो मुकदमा: सुशील मोदी

केंद्र सरकार की ओर लागू तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं. वहीं, इसे लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और विपक्षी दलों के बीच बयानों के तीर भी खूब चल रहे हैं. कांग्रेस दो करोड़ किसानों के हस्ताक्षर का दावा कर रही है, वहीं बीजेपी की ओर से सुशील कुमार मोदी ने इसे लेकर हमला बोला है. सुशील मोदी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कांग्रेस की आलोचना की है.

सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि कांग्रेस ने संसद से पारित तीन कृषि कानूनों की वापसी के लिए 2 करोड़ किसानों के हस्ताक्षर लेने का जो दावा किया है, उसके लिए हस्ताक्षर अभियान कब चलाया गया? उन्होंने कहा है कि बिहार में कांग्रेस कहीं भी हस्ताक्षर अभियान चलाती नहीं दिखी. यूथ कांग्रेस ने भी ऐसे अभियान से इनकार किया है. राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए सुशील मोदी ने कहा है कि उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर वाला ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपने का गंभीर अपराध किया है.

उन्होंने कहा है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए और राहुल गांधी पर मुकदमा किया जाना चाहिए. बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी प्रसाद यादव ने बार-बार साबित किया है कि वंशवादी राजनीति के राजकुमार देश को जिम्मेदार विपक्ष नहीं दे सकते. उन्होंने कहा कि बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी चमकी बुखार, बाढ़-जल जमाव और विधान मंडल सत्र के समय बिहार से गायब रह चुके हैं.


सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि देश जानना चाहता है कि जो लोग प्रधानमंत्री की पारदर्शी और उद्देश्यपूर्ण कूटनीतिक विदेश यात्राओं पर अनर्गल सवाल पूछते थे, वे अपनी यात्राएं इतनी रहस्यमयी क्यों रखना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि जिसे कांग्रेस के 99.9 फीसदी लोग दोबारा पार्टी का अध्यक्ष बनाना चाहते हैं, वह पार्टी के स्थापना दिवस पर ननिहाल में समय बिताना चाहता है. यह अजीब बात है.

सुशील मोदी इतने पर ही नहीं रुके. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राफेल विमान खरीद और नागरिकता कानून की तरह नए कृषि कानून को लेकर भी लोगों को गुमराह किया. उनकी पार्टी की सरकार ने पंजाब के कुछ बड़े किसानों को मंडी और ठेका खेती को लेकर ऐसा उकसाया कि वे महीने भर से दिल्ली में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा है कि जब किसानों के मुद्दे पर सरकार से महत्वपूर्ण वार्ता होनी है, वे बगैर कोई कारण बताए इटली चले गए. वे पहले भी संसद का सत्र छोड़कर छुट्टी मनाने विदेश जा चुके हैं



 
 
 

Comments


SHINOVATE OPC PVT. LTD.

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2020 by Bharat 24. Proudly created with Wix.com

bottom of page