राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे होंगे विपक्ष के नेता, कांग्रेस ने सभापति को दी जानकारी
- bharat 24

- Feb 12, 2021
- 2 min read
राज्यसभा (Rajya Sabha) में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) का कार्यकाल खत्म होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में कांग्रेस के नेता रहे मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) को विपक्ष का नेता नामित किया गया है. संगठन के महासचिव वेणुगोपाल ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस ने राज्यसभा के सभापति वैंकेया नायडू को इस बारे में जानकारी दी है कि आजाद के रिटायर होने के बाद अब खड़गे पार्टी की तरफ से नामित किए गए हैं. यानी खड़गे राज्यसभा में विपक्ष के नेता होंगे.
बता दें कि राज्य सभा में विपक्ष के उप नेता आनंद शर्मा भी चाहते थे कि उन्हें विपक्ष का नेता बनाया जाए.
मगर हाल ही में संगठन को लेकर कई सवाल खड़े करती सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी के बाद पार्टी नेतृत्व उन्हें ये जिम्मेदारी देने पर ज्यादा उत्साहित नहीं दिख रहा था. इसके साथ ही मल्लिकार्जुन खड़गे को राहुल गांधी का बेहद करीबी माना जाता है. उन्हें 2019 में लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद पार्टी ने राज्य सभा में मौका दिया था.
जम्मू और कश्मीर का नहीं होगा कोई प्रतिनिधि
बता दें कि राज्यसभा में 15 फरवरी के बाद जम्मू और कश्मीर का कोई प्रतिनिधि नहीं होगा. यहां से फिलहाल 4 राज्यसभा की सीटें हैं, लेकिन केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से वहां चुनाव नहीं हुए हैं. ऐसे में फिलहाल राज्यसभा से वहां कोई सदस्य नहीं होंगा. पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के दो सांसद नजीर अहमद लावे (10 फरवरी) और मीर मोहम्मद फैयाज (15 फरवरी) का कार्यकाल भी खत्म हो जाएगा. गुलाम नबी आजाद का कार्यकाल 15 फरवरी और भारतीय जनता पार्टी के शमशेर सिंह मन्हास का कार्यकाल 10 फरवरी को पूरा हो जाएगा.







Comments