top of page

यूरोपीय संघ के डेलिगेशन का जम्मू कश्मीर दौरा आज, हालात का लेंगे जायजा



जम्मू कश्मीर में एक बार फिर यूरोपीय संघ का एक प्रतिनिधि समूह टूर पर आ रहा है. यूरोप और अफ्रीका के राजनयिकों की टीम बुधवार को जम्मू और कश्मीर का दौरा करेगी. अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान यूरोपीय संघ का यह दल 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर के विकास कार्यों के बारे में जानकारी हासिल करेगा.


बताया जा रहा है कि यूरोपीय संघ का डेलीगेशन जमीनी स्तर पर लोकतंत्र की स्थिति का जायजा लेगा और डीडीसी के नव-निर्वाचित सदस्यों, कुछ प्रमुख नागरिकों और प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक भी करेगा. यूरोपीय संघ के इस दौरे पर सियासत शुरू हो गई है. विपक्ष का आरोप है कि सरकार कश्मीर मसले का अंतरराष्ट्रीयकरण कर रही है.


ये है यूरोपीय संघ के डेलीगेशन का पूरा कार्यक्रम


करीब 20 राजनयिकों का दल बुधवार सुबह 9.30 बजे श्रीनगर पहुंचेगा. 10.30 से 12 बजे तक मगाम में कार्यक्रम है. इसके बाद दोपहर 1:30 से 2:30 तक डेलीगेशन स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेगा. इसके बाद डेलीगेशन हजरतबल मस्जिद जाएगा. शाम में 4:30 से 5:30 बजे तक एसकेआईसीसी में नागरिक समाज के साथ बातचीत होगी. फिर शाम 7 बजे डेलीगेशन मीडिया से मुखातिब होगा.


इसके अगले दिन यानी गुरुवार को डेलीगेशन सुबह 8:30 बजे बादामी बाग के लिए रवाना होगा. फिर 9 से 10 बजे तक जीओसी-15 कोर के साथ बैठक होगी. इस बैठक के बाद डेलीगेशन जम्मू के लिए रवाना हो जाएगा. डेलीगेशन दोपहर 12.30 बजे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात करेगा. फिर दोपहर 2.30 से 3.30 बजे तक जम्मू-कश्मीर के आला अधिकारियों के साथ बैठक होगी. फिर 3.30 से 4.30 बजे तक डीडीसी के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों और सिविल सोसायटी के साथ बैठक होगी. इस बैठक के बाद डेलीगेशन वापस दिल्ली लौट आएगा.


पहले भी हो चुका है दौरा


इससे पहले अमेरिका सहित 17 देशों के प्रतिनिधियों ने जम्मू-कश्मीर का दौरा किया था. उस दल में वियतनाम, दक्षिण कोरिया, ब्राजील, उज्बेकिस्तान, नाइजर, नाइजीरिया, मोरक्को, गुयाना, अर्जेंटीना, फिलीपींस, नॉर्वे, मालदीव, फिजी, टोगो, बांग्लादेश और पेरू के राजदूत शामिल थे. इसके अलावा यूरोपीय संघ के 23 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भी दो दिवसीय यात्रा पर जम्मू-कश्मीर गया था.

 
 
 

Comments


SHINOVATE OPC PVT. LTD.

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2020 by Bharat 24. Proudly created with Wix.com

bottom of page