भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का पीएम ने किया शुभारंभ, कुछ ही देर में करेंगे संबोधित
- bharat 24

- Feb 21, 2021
- 1 min read
पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति और किसान आंदोलन की नाराजगी को शांत करने की प्लानिंग पर मंथन करने के लिए आज भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक जारी है। भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की आज यानी रविवार को हो रही बैठक का शुभारंभ पीएम मोदी ने किया, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर रहे हैं। अब से कुछ देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक को संबोधित करेंगे। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को राष्ट्रीय महासचिवों और राज्यों के संगठन महामंत्रियों के साथ कुछ अहम बैठकें कीं।
आज की इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनाव की रणनीतियों पर बातचीत कर सकते हैं और बैठक की अध्यक्षता जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। आज की बैठक में सभी राज्यों के अध्यक्षों के अलावा प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) भी हिस्सा लेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान राजधानी दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर पिछले लगभग तीन महीने से आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलन कर रहे किसान संगठन अपने आंदोलन को देशव्यापी बनाने की कोशिशों में हैं और वे लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमलवार हैं। पाश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु सहित पांच राज्यों में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा संभव है। नड्डा ने अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद पिछले साल अपनी नयी टीम गठित की थी।







Comments