निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेताओं को ग्रामीणों ने दौड़ाया भाग कर बचाई जान..!
- bharat 24

- Feb 6, 2021
- 2 min read
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में निषाद पार्टी (Nishad Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद (Dr Shanjay Nishad) की ग्रामीणों से झड़प का मामला सामने आया है. पता चला है कि संजय निषाद और उनके साथ गए नेताओं को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया. प्रयागराज के यमुनापार इलाके की ये घटना है. ग्रामीणों ने संजय निषाद के साथ गए नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की. दरअसल संजय निषाद अवैध बालू खनन रोकने पर पुलिस द्वारा की गई सख्ती के विरोध में ग्रामीणों से मिलने गए थे. एक दिन पहले ही यहां पुलिस व बालू खनन मजदूरों में झड़प हुई थी. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने संजय निषाद को सुरक्षित बाहर निकाला.
दरअसल, एक दिन पहले गुरुवार को नैनी कोतवाली के मोहब्बतगंज, ठकुरी का पुरवा और घूरपुर थाना क्षेत्र के बसवार गांव में एडीएम प्रशासन की अगुवाई में यमुना घाटों पर पहुंची पुलिस टीम ने घाट पर डंप की गई हजारों टन बालू जेसीबी मशीन से नदी में फेंकवा दी थी. इस दौरान तोड़फोड़ कर कई नावों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. इस दौरान कई लोगों की पिटाई की बात भी सामने आई. इसे लेकर मजदूरों, ग्रामीणों में भारी गुस्सा था.इस कार्रवाई के बाद शुक्रवार को निषाद पार्टी के डॉ. संजय निषाद, पीयूष रंजन निषाद, दल बल के साथ बसवार गांव पहुंचे. यहां गुस्साए ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा लिया. इस दौरान उनसे धक्का-मुक्की भी हुई. मौके पर संजय निषाद के अंगरक्षकों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल ले आए.
सांसद ने किया विरोध में जाम प्रदर्शन
इस घटना के बाद डॉ संजय निषाद ने सैकड़ों समर्थकों के साथ मामा भांजा बाजार में प्रयागराज रीवा राष्ट्रीय मार्ग पर जाम कर दिया. मौके पर तत्काल कई थानों की फोर्स और पीएसी भेजी गई और तकरीबन आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम बारा ने सांसद की वरिष्ठ अधिकारियों से बात कराई. अधिकारियों से सांसद की मांग थी कि दोषी पुलिस वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और मजदूरों पर दर्ज किए गए मुकदमे वापस लिए जाएं.







Comments