एक फरवरी से शुरू होगी प्रतियोगी छात्रों के लिए निशुल्क कोचिंग, गोरखपुर से शुरुआत
- bharat 24

- Jan 23, 2021
- 3 min read
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा को जमीन पर उतारते हुए गोरखपुर मण्डल मुख्यालय पर प्रतियोगी छात्रों के लिए निशुल्क कोचिंग की शुरूआत कर दी है। शीघ्र ही इसे अन्य जिला मुख्यालय पर भी ले जाया जाएगा। जिला प्रशासन इसकी शुरूआत एक फरवरी से सिविल सर्विसेज की परीक्षाओं की तैयारी के लिए 3 माह के प्रोजेक्ट से कर रहा है। शुक्रवार से इस निशुल्क कोचिंग के लिए कोई भी छात्र जिला प्रशासन की वेबसाइट gorakhpur.nic.in पर दिए लिंक पर आवेदन कर सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि इस पहल के साथ गोरखपुर जिला मुख्यमंत्री की योजना पर अमल करने वाला पहला मण्डल मुख्यालय बन गया है। उन्होंने बताया कि सीएम घोषणा एवं जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन के मार्गदर्शन में यह पहल शुरू की गई है।
एक दिन में आवेदन करने वाले छात्रों की काउंसिलिंग अगले दिन ही होगी। आवेदन करने वाले छात्रों का चयन काउंसिलिंग के जरिए होगा। उनकी रुचि के जरिए सिविल सर्विसेज, बैंकिंग, एसएससी, पीसीएस-जे समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस निशुल्क कोचिंग से सफाई कर्मियों के बच्चों को भी प्राथमिकता के आधार पर भी जोड़ा जाएगा। उन्हें कैरियर गाइडेंस भी प्रदान किया जाएगा।
200 छात्रों की क्षमता का कोचिंग सेंटर हो रहा तैयार
आईएएस-पीसीएस समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नार्मल परिसर में निशुल्क कोचिंग सेंटर के भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। यहा 200 छात्रों को सुविधा मिलेगी, 100 छात्रों के लिए छात्रावास भी उपलब्ध होगा। केंद्र का निर्माण पूर्ण होने तक विकास भवन सभागार में कक्षाएं चलेगी। इस दौरान बैठके दूसरे स्थानों पर होंगी।
जिले के आईएएस, आईपीएस और पीसीएस अधिकारी करेंगे मार्गदर्शन
निशुल्क कोचिंग में शिक्षक के रूप में जिले में तैनात युवा आइएएस, पीसीएस और आईपीएस अधिकारी मार्गदर्शन करेंगे। ये अधिकारी अपने नोट्स भी शेयर करेंगे। प्रथम चरण में तीन माह तक सिर्फ सामान्य अध्ययन की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जिला स्तर के अधिकारियों के साथ ब्लाकों पर तैनात बीडीओ भी इसमें सहयोग करेंगे। इसके साथ ही गोरखपुर विश्वविद्यालय व अन्य विषय विशेषज्ञों का भी सहयोग मिलेगा।
निशुल्क मिलेगी लाइब्रेरी से पुस्तकें
प्रतियोगी छात्रों को निशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए शहर की पांच पब्लिक लाइब्रेरी को भी जोड़ा जा रहा है। इनमें राजकीय जुबिली इंटर कालेज परिसर में स्थापित राजकीय पुस्तकालय, नगर निगम में स्थापित होम्स कर्नल पुस्तकालय, विकास भवन पुस्तकालय, रेलवे पुस्तकालय एवं विकास भवन के पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। ताकि प्रतियोगी छात्रों को किताबें पढ़ने के लिए मिल सकें।
आप भी लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें करें दान
सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने शहरवासियों से अपील किया कि सक्षम लोग प्रतियोगी छात्रों के लिए जरूरी पुस्तके लाइब्रेरी को दान स्वरूप दे सकते हैं। कौन सी पुस्तकें देनी चाहिए इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर सकते हैं।
कौशल विकास के लिए भी करें आवेदन
सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने कहा कि gorakhpur.nic.in पर दिए लिंक पर छात्र कौशल विकास के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। उनकी क्षमता का आंकलन कर उनके कौशल को निखारने के साथ उन्हें उनकी योग्यता के मुताबिक नौकरी दिलाने तक का काम किया जाएगा। यदि किसी छात्र को उचित योग्यता के बाद भी नौकरी नहीं मिल रही, उसकी साफ्ट स्किल कमजोर है, मसलन उसे अंग्रेजी नहीं आती। कम्प्यूटर नहीं आता। उसे बात करने में दिक्कत है, उसे प्रशिक्षण दिला कर नौकरी दिलाई जाएगी। ऐसे छात्र भी दिए गए लिंक पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिले में काम कर रहे 24 प्रशिक्षण केंद्र पर नजर रखने के लिए अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों को नौकरी दिलाने तक फालो करना होगा। हर छात्र के बारे में विवरण रखना होगा। छात्रों के व्यक्तित्व विकास के लिए मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विवि, गोरखपुर विवि एवं अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों से भी सहयोग लिया जाएगा।







Comments