UP ब्लॉक प्रमुख चुनाव में बंपर जीत, PM मोदी और CM योगी दी बधाई
- bharat 24
- Jul 11, 2021
- 2 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों और जनहित की योजनाओं पर जनता की मुहर बताया और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में कहा, 'उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में भी भाजपा ने अपना परचम लहराया है। योगी आदित्यनाथ सरकार की नीतियों और जनहित की योजनाओं से जनता को जो लाभ मिला है, वो पार्टी की भारी जीत में परिलक्षित हुआ है। इस विजय के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।' बता दें, उत्तर प्रदेश 476 क्षेत्र पंचायत प्रमुख के पदों के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हुआ और दोपहर तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। राज्य में 825 क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव में शुक्रवार को 349 क्षेत्र पंचायत प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जबकि 476 पदों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। भाजपा ने दावा किया था कि निर्विरोध चुने गये क्षेत्र पंचायत प्रमुखों में 334 भारतीय जनता पार्टी के हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में भाजपा को भारी जीत मिलने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के समाज के हर तबके तक बिना भेदभाव पहुंचने से यह जीत मिली है। भाजपा मुख्यालय में शनिवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में मतदान के बाद अब तक की मतगणना और रुझान के आधार पर भाजपा और सहयोगी दलों को 625 से अधिक सीटों पर जीत मिलने का दावा किया।
Comments