top of page

RSS बंजर होते धरती को बचाने के लिए शुरू किया जा रहा भूमि को पोषण अभियान

Mar 30, 2021
2 min read



राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का वर्ष प्रतिपदा (13 अप्रैल) से भूमि सुपोषण अभियान आरंभ होगा और प्रत्येक न्याय पंचायत में संघ की शाखाओं को सक्रिय किया जाएगा। वर्ष प्रतिपदा को धरती माता की उत्पत्ति का दिन माना जाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इसी दिन भूमि सुपोषण अभियान की शुरुआत कर रहा है।


अवध प्रांत के सह प्रांत संघ चालक सुनील खरे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैंगलूर में संपन्न अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में लिए निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में देशभर के 488 प्रतिनिधि प्रत्यक्ष तथा 850 प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।


बैठक में दो प्रस्ताव पारित किए गए। पहले में श्रीराम मंदिर निर्माण भारत की अंतर्निहित शक्ति का प्रगटीकरण है तथा दूसरा प्रस्ताव कोविड-19 महामारी के सम्मुख खड़ा एकजुट भारत पारित किया गया।


स्वयंसेवक धरती माता का करेंगे पूजन :


सुनील खरे ने भूमि सुपोषण अभियान के बारे में बताया कि जैविक खेती को प्रोत्साहन देकर ही मृदा के आवश्यक पोषक तत्वों की कमी को दूर किया जा सकता है। कृषि कार्यों में रासायनिक खाद व दवाओं का अत्याधिक प्रयोग करने से धरती की उर्वरा क्षमता में तेजी गिरावट आ रही है। बंजर होती भूमि को बचाने के लिए समाज की जागरूकता जरूरी है। उन्होंने बताया कि वर्ष प्रतिपदा को धरती माता की उत्पत्ति का दिन माना जाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इसी दिन भूमि सुपोषण अभियान की शुरूआत कर रहा है। स्वयंसेवक धरती माता का पूजन करके उर्वरता को बचाने के लिए जागरूकता अभियान आरंभ करेंगे।


ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगा संघ कार्य :


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष से पूर्व ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जाएगा। प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर शाखाएं शतप्रतिशत आयोजित करने का लक्ष्य है। प्रांत कार्यवाह प्रशांत ने बताया कि अवध प्रांत के 25 जिलों में 2628 शाखा, मिलन व मंडली के तौर पर संघ कार्य चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित शाखाओं की संख्या बढ़ाने के साथ समान विचारों के लोगों को जोड़ने का काम किया जाएगा। प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अशोक दुबे ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में सेवा कार्यों की शृंखला को जारी रखा जाएगा। सह प्रांत प्रचार प्रमुख दिवाकर अवस्थी ने बताया कि अभियान की तैयारी के लिए जिला व मंडलवार कार्ययोजना बनायी जा रही है।

Comments


SHINOVATE OPC PVT. LTD.

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2020 by Bharat 24. Proudly created with Wix.com

bottom of page